ऋषिकेश त्रिवेदी ////मंगला चौक के समीप शिक्षक कॉलोनी में स्थित एक किराए के मकान में प्रेम संबंधों के विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। बंद कमरे के भीतर 25 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मामले की सूचना मिलते ही सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने युवक की प्रेमिका को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक कांता प्रसाद का सीपत निवासी एक युवती से लंबे समय से प्रेम संबंध था। युवती का उसके किराए के मकान में नियमित आना-जाना था। पुलिस ने जब घटनास्थल पर मौजूद परिस्थितियों और आसपास के लोगों से पूछताछ की, तो शक उसी युवती पर गहराता गया।
पुलिस के अनुसार हत्या की घटना लगभग रात 11:30 बजे के आसपास की है। पूछताछ के दौरान युवती मौके पर ही मौजूद पाई गई, जिसके बाद उसे हिरासत में लिया गया।
कबूलनामा और गिरफ्तारी
कड़ाई से पूछताछ करने पर युवती ने हत्या की बात स्वीकार की। पुलिस को बताया गया कि हत्या करने वाली कोई और नहीं, बल्कि कांता प्रसाद की प्रेमिका रोशनी सूर्यवंशी है। रोशनी सूर्यवंशी ने पूछताछ में कबूल किया कि उसने कांता प्रसाद के सीने पर चाकू से वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस कार्रवाई
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी प्रेमिका रोशनी सूर्यवंशी को विधिवत अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले में हत्या के पीछे के कारणों, आपसी विवाद और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
पुलिस की जांच पडताल
यह मामला न केवल एक आपराधिक घटना है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि निजी रिश्तों में उपजा तनाव किस तरह गंभीर अपराध में बदल सकता है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद पूरे घटनाक्रम की तस्वीर और स्पष्ट होगी।

