अवैध संबंध के शक में ताबड़तोड़ तलवारबाजी से हुई एक महिला की मौत,सात लोग बुरी तरह घायल, गाँव पहुंची पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

ऋषिकेश त्रिवेदी////बिलासपुर के रतनपुर क्षेत्र के पेंडरवा गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां अवैध संबंध के शक में तीन लोगों ने एक परिवार के घर में घुसकर तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस खूनी हमले में 75 वर्षीय मुराद बी की आंख भी निकाल दी मौके पर ही उसकी मौत हो गई है। जबकि इस हमले में 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार सुरेश श्रीवास, उसका बेटा सुमीत श्रीवास और नैतिक श्रीवास तलवार लेकर गांव में शेख सलीम और चांदी खान को खोजते हुए पहुंचे थे। सुरेश को अपनी पत्नी का शेख सलीम से अवैध संबंध होने का शक था। इसी शक के चलते आरोपियों का गुस्सा इस कदर भड़क गया कि जब वो दोनों नहीं मिले तो उनके घर में मौजूद परिवार के सभी सदस्यों पर ही जानलेवा हमला कर दिया। जब आरोपियों ने शेख सलीम और चांदी खान के घर में घुसकर परिजनों पर हमला किया तो चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। तलवार के वार से कई लोग लहूलुहान हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह भी मौके पर पहुंचे है और स्थिति का जायजा ले रहे है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में मामला अवैध संबंध के शक से उपजे खूनी हमले का बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *